Uncategorized
कांदा डोंगर परिक्षेत्र गांड़ा समाज को मिला नया नेतृत्व, जगन्नाथ सोनवानी बने अध्यक्ष; समाज के उत्थान और एकजुटता का लिया संकल्प
राजेश जगत की रिपोर्टर गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत कांदा डोंगर परिक्षेत्र गांड़ा समाज की महत्वपूर्ण बैठक केंद्र सभा मंदामुड़ा में आयोजित की गई। बैठक में समाज के संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सामाजिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी समिति का गठन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सहमति से श्री जगन्नाथ सोनवानी को कांदा डोंगर परिक्षेत्र गांड़ा समाज का अध्यक्ष चुना गया। वहीं श्री तिरेश प्रधान एवं श्री हुरेन्द्र प्रधान को उपाध्यक्ष तथा श्री लोचनराम जगत को सचिव का दायित्व सौंपा गया। नई कार्यकारिणी के गठन के दौरान समाज के विकास, शिक्षा, सामाजिक एकता, युवाओं की भागीदारी तथा सामाजिक परंपराओं के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि एक मजबूत और सक्रिय संगठन ही समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। नई कार्यकारिणी से समाज के लोगों को नई ऊर्जा और सकारात्मक नेतृत्व मिलने की उम्मीद जताई गई। बैठक में कांदा डोंगर परिक्षेत्र के समस्त गांड़ा समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, युवा एवं गणमान्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री जगन्नाथ सोनवानी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें समाज ने जिस विश्वास और जिम्मेदारी के साथ यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, उसके लिए वे सभी समाजजनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा, "अध्यक्ष का पद मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं पूरे समर्पण, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति के हित में कार्य करने का प्रयास करूंगा। हमारी प्राथमिकता समाज में शिक्षा का विस्तार, युवाओं को आगे बढ़ाने, महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा समाज के अधिकारों और विकास से जुड़े हर मुद्दे पर सक्रिय पहल करना होगा। मैं सभी वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और समाज के प्रत्येक सदस्य के सहयोग से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करूंगा। मेरा विश्वास है कि हम सब मिलकर कांदा डोंगर परिक्षेत्र गांड़ा समाज को एक संगठित, शिक्षित और सशक्त समाज के रूप में स्थापित करेंगे।" बैठक का समापन समाज की एकता, भाईचारे और सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा व्यक्त करते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।



