Uncategorized

सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण

देवभोग। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवभोग में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा नवमी की छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों एवं शाला विकास समिति के सदस्यों ने छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में शाला विकास समिति के अध्यक्ष अनिल बेहरा, भाजपा मंडल देवभोग के अध्यक्ष जगमोहन पटेल, सांसद प्रतिनिधि एवं शाला विकास समिति की सदस्य अनीता उपाध्याय, समाजसेवी अनिल माहेश्वरी एवं लक्ष्मी नारायण अवस्थी सहित शाला विकास समिति के सदस्य सिद्धेश्वर सिंह ठाकुर, सत्यनारायण अग्रवाल, बलभद्र यादव, राजेंद्र मरकाम एवं सूरज शर्मा उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य सुरेश अवस्थी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस अवसर पर समाजसेवी अनिल माहेश्वरी ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कक्षा 12वीं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 11 हजार, 5,100 एवं 3,100 रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। वहीं बलभद्र यादव ने अपने उद्बोधन में बालिका शिक्षा को समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा और अवसर मिलने से परिवार के साथ-साथ पूरा समाज मजबूत होता है। सांसद प्रतिनिधि अनीता उपाध्याय ने सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिले और उनकी पढ़ाई बाधित न हो, इसी उद्देश्य से योजना के माध्यम से साइकिल प्रदान की जा रही है। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन करते हुए अच्छे अंकों से सफलता हासिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुरेश अवस्थी ने बालिका शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “बेटी बढ़ेगी, समाज बढ़ेगा और देश बदलेगा।” उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, खेल, प्रशासन, विज्ञान सहित हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करने और सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल मिलने से छात्राओं में भी उत्साह देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!