Uncategorized
रक्सा में उमड़ा जनसैलाब, सरपंच प्रकाश चंदनिहा के पुनः पदग्रहण पर ऐतिहासिक स्नेह-आशीर्वाद रैली संपन्न
फिंगेश्वर/गरियाबंद। ग्राम पंचायत रक्सा में जनविश्वास, एकता और जनसमर्थन का अभूतपूर्व नजारा उस समय देखने को मिला, जब लोकप्रिय युवा सरपंच प्रकाश चंदनिहा के पुनः पदग्रहण अवसर पर आयोजित भव्य जनसमूह स्नेह-आशीर्वाद रैली में हजारों की संख्या में ग्रामीण, माताएं-बहनें, युवा, किसान एवं बुजुर्ग शामिल हुए। रैली का शुभारंभ प्रकाश चंदनिहा के निज निवास से हुआ, जहां से ग्रामवासियों के उत्साह और जयघोष के बीच विशाल जनसमूह ने जैतखंभ दर्शन, ग्राम बूढ़ा देव दर्शन एवं शीतला माता मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात रैली ग्राम पंचायत भवन पहुंची, जहां पुनः पदग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे रैली मार्ग में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। ग्रामवासियों का उत्साह और समर्थन इस बात का प्रतीक रहा कि प्रकाश चंदनिहा ने कम समय में अपनी कार्यशैली, सरल व्यवहार एवं जनसेवा के माध्यम से लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई है। इस अवसर पर प्रकाश चंदनिहा ने भावुक होते हुए कहा कि यह सम्मान किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत रक्सा के प्रत्येक नागरिक के विश्वास, प्रेम और आशीर्वाद का सम्मान है। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों द्वारा दिया गया स्नेह और समर्थन उन्हें जनसेवा के लिए नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि रक्सा को विकास, शिक्षा, स्वच्छता, युवाओं के सशक्तिकरण एवं सामाजिक समरसता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। उनका लक्ष्य रक्सा को क्षेत्र की आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित करना है। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने प्रकाश चंदनिहा के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए पंचायत के सर्वांगीण विकास में सहयोग का संकल्प लिया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि प्रकाश चंदनिहा केवल सरपंच नहीं, बल्कि ग्राम के सुख-दुख में सहभागी एक सक्रिय जनसेवक के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। यही कारण है कि उनके पुनः पदग्रहण अवसर पर पूरा गांव एक परिवार की तरह एकजुट होकर इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना। — प्रकाश चंदनिहा सरपंच, ग्राम पंचायत रक्सा "जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी और ग्राम सेवा ही मेरा संकल्प है।"





