Uncategorized

शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा: आकाश झूला गिरने से दो युवतियां गंभीर एक की हालत नाजुक

जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण में आयोजित प्रसिद्ध मेले में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। नगर पंचायत कार्यालय के सामने लगे आकाश झूले का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कार्यालय के सामने उमेश गुप्ता द्वारा संचालित आकाश झूला अचानक तकनीकी खराबी के चलते गिर पड़ा। उसी समय जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम मल्दा निवासी दो युवतियां मेला परिसर में झूले के नीचे खड़ी थीं। झूले का भारी हिस्सा सीधे उनके ऊपर आ गिरा, जिससे वे उसके नीचे दब गईं। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के कारण वहां कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह दोनों घायल युवतियों को बाहर निकाला गया और तत्काल एंबुलेंस से शिवरीनारायण के शबरी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान चंद्रकांत कश्यप (15 वर्ष) और भूमिका कश्यप (21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मल्दा के रूप में हुई है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, चंद्रकांत कश्यप को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि भूमिका कश्यप की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद भूमिका कश्यप को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया है। इस घटना के बाद मेले में लगे झूलों और अन्य मनोरंजन साधनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेले में लगाए गए खतरनाक झूलों और ‘मौत का कुआं’ जैसे साधनों की सुरक्षा जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते तकनीकी जांच और रखरखाव किया गया होता, तो इस हादसे को टाला जा सकता था। फिलहाल घटना के बाद मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!